कोंच। कई किसानों का गेहूं खरीद कर भुगतान किए बिना चंपत हुई क्रेता फर्म पर शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस द्वारा फर्म के संचालकों के खिलाफ कोर्ट से कुर्की आदेश प्राप्त होने के बाद अब स्थानीय प्रशासन ने भी इस मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया है। एसडीएम अशोक कुमार ने शिकायत सुनने के लिए भुक्तभोगी किसानों को बुलाया है।
बताते चलें कि मंडी के बाहर की एक फर्म मधुलिका फूड प्रोडक्ट्स के संचालकों प्रशांत व आशीष आदि ने पिछले महीनों में इलाके के कई किसानों का गेहूं खरीदा था। इसका भुगतान किसानों को किए बिना करोड़ों रुपये डकार कर फर्म चंपत हो गई थी। किसानों ने इस मामले की एफआईआर भी कोतवाली में दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से कुर्की वारंट भी प्राप्त कर लिया है। शनिवार को एसडीएम अशोक कुमार ने भी इस मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस मामले में वह जांच कर रहे हैं। जिन किसानों को बेची गई उपज का भुगतान प्राप्त नहीं हुआ हो वहीं किसान अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। गौरतलब है कि 20 जून को उक्त किसानों ने एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन को भी अपना दुखड़ा सुनाया था। आरपी निरंजन ने प्रशासन को 19 जुलाई तक का समय किसानों के भुगतान दिलाने की समय सीमा दी थी। अन्यथा की स्थिति में एसडीएम कार्यालय पर अनशन शुरू करने की चेतावनी भी दी थी।