अंडरपास में फंसी लोडर को निकालती दूसरी लोडर।
- फोटो : ORAI
जालौन। विकास खंड के ग्राम पमां के लिए बंगरा मार्ग पर छिरिया सलेमपुर के पास से संपर्क मार्ग निकला हुआ है। निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे में अंडरपास न बन पाने के कारण यह संपर्क मार्ग बंद है। अंडरपास न बनने के कारण एक्सप्रेसवे साइड से अस्थायी कच्चा मार्ग बनाया गया है। बरसात होने के कारण आधा किमी कच्चा मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है। दलदल होने के कारण वाहनों का निकलना तो दूर लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। गांव का संपर्क तहसील मुख्यालय से कट जाने के कारण बरसात में लोगों को आने जाने की दिक्कत हो गयी है। सबसे अधिक परेशानी मरीजों को लाने ले जाने में हो रही है। प्रधान राकेश पटेल के साथ ग्रामीण राजविजय, अजीत पटेल, अंशु, अरविंद, देवेश, अवधेश, भारत, सुमित, विनोद, वीर सिंह आदि बताते हैं कि एक्सप्रेसवे का अंडरपास बना नहीं है। पास से मिट्टी डाल कर जो रास्ता बनाई गई थी। पानी के कारण मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो गयी है। जिससे निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर मुख्य संपर्क मार्ग पर खड़े होकर आक्रोश व्यक्त किया एवं संबंधित ज्ञापन एसडीएम मीनू राणा को सौंपा है।
---
फोटो-22-रुरा मल्लू में बारिश में गिरा कच्चा मकान। संवाद
बारिश से गिरा कच्चा मकान
जालौन। मंगलवार की रात से हो रही बारिश अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनने लगी है। शुक्रवार की सुबह रूरा मल्लू निवासी मूंगालाल बाथम का कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। मकान गिरते समय मूंगालाल बाथम, पुत्र भूपेंद्र, पत्नी प्रीति, नाती हरिओम व दक्ष मकान में ही थे। गनीमत रही कि शुरू में जब मकान का एक कोना गिरा तो वह घर से बाहर आ गए। जिससे कोई दुर्घटना नहीं हुई। मकान गिरने से घर में रखी चारपाई, कुर्सी, रोजमर्रा के बर्तन, बक्शा, अनाज आदि खराब हो गए। रिहायशी मकान गिरने से हुई लगभग 80 हजार की क्षति से गृहस्वामी परेशान हैं। घटना की सूचना तहसीलदार को देकर आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है। (संवाद)
----------
फोटो-23-अकोढ़ी दुबे में पंप से पानी निकालते ग्रामीण। संवाद
बारिश से जलभराव
जालौन। तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन अस्तव्यस्त होने लगा है। मंगलवार की रात से धीरे-धीरे हो रही बारिश से जहां लोगों को गर्मी से निजात मिल गई। तो वहीं जलभराव होने से समस्या और बढ़ गई है। ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र में अधिकतर जगहों पर जलभराव की समस्या खड़ी हो गई है। नगर में पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष शिवशरण तिवारी के घर के पास मोहल्ला हरीपुरा,नया खंडेराव, चुर्खीबाल आदि मोहल्लों में जलभराव हो गया जिससे लोगों को दिक्कत हुई। ग्राम अकोढ़ी दुबे में राजेंद्र, कोटेदार ज्ञानसिंह पाल, यशवंत सिंह, यशपाल के दरवाजे पानी भर गया है। गांव के लोगों ने पंप लगाकर पानी की निकासी कराई गई। ग्राम दहगुवां में काली माता मंदिर के पास लोक निर्माण विभाग की सड़क पर पानी भर गया। (संवाद)