रामपुरा। क्षेत्र के बाढ़ पीड़ित 15 गांवों में परमार्थ संस्था की ओर से राशन सामग्री बांटी गई। रविवार को पंडित रामदत्त द्विवेदी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मूलचंद्र निरंजन ने राशन सामग्री वितरित की।
विधायक ने कहा कि बाढ़ गृहस्थ इलाके के लोगों की मांग पर उन्हें ऊंचे इलाके में बसाने के लिए सर्वे शुरु हो गया है। जल्द ही ग्रामीणों को जगह आवंटित कर दी जाएगी। जिन परिवारों को उज्ज्वला योजना का लाभ नहीं मिल पाया है उन्हें भी जल्द मुफ्त गैस सिलेंडर व चूल्हा उपलब्ध कराया जाएगा। बाढ़ में तबाह हुए गरीब किसानों को आवास योजना का लाभ पहुंचाकर पुन: गृहस्थी बसाई जाएगी। बाढ़ से किसानों को हुए नुकसान का सर्वे लेखपाल की ओर से किया जा चुका हैं। जिसमें किसानों को उनके खातों में आर्थिक सहायता के रूप में राशि भेजी जाएगी। परमार्थ के सचिव संजय सिंह ने बताया कि बाढ़ ने कई परिवारों का सामान्य जीवन अस्तव्यस्त कर दिया हैं। संस्था द्वारा 50 लाख रुपये की राशि एकत्रित कर ली गई हैं। इस दौरान महेश सिंह, राजकिशोर गुप्ता, अनिल सिंह, शिवमंगल सिंह आदि मौजूद रहे।