रामपुरा। बीहड़ क्षेत्र के गांव राठौरनपुरा में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से खेतों में आग लग गई। दो किसानों की छह गेहूं बीघा की फसल राख गई। सूचना देने के बावजूद दमकल टीम के न पहुंचने से लोगों में नाराजगी है।
शनिवार को खेतों से निकले बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से खेतों में आग लग गई। इससे गेहूं की छह बीघा फसल राख हो र्गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। खेतों में लपटें उठती देख ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने दमकल की टीम को सूचना देने के बाद आग बुझाने में खुद जुट गए। अग्निकांड से किसान वृंदावन निवासी राठौरनपुरा और निरपत सिंह निवासी हनुमंतपुरा की छह बीघा फसल जल गई। किसानों का कहना है कि यदि समय से दमकल टीम आ जाती तो शायद फसल बच जाती। दोनों किसानों ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है।
----------
ट्रांसफार्मर से दुकान में लगी आग, दो लाख का नुकसान
कालपी। नगर के दो अलग-अगल स्थानों पर शनिवार को आग लग गई। एक घटना में करीब दो लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग का कारण बना ट्रांसफार्मर भी फुंक गया। उधर, कर्बला रोड पर कूड़े के ढेर में आग लग गई। इससे हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया।
शनिवार की सुबह नगर के मोहल्ला दमदमा में स्थित मारुफ की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में ट्रांसफार्मर के शार्ट सर्किट आग लग गई। आग की लपटे देख मोहल्लेवासी एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन केंद्र कालपी के प्रभारी संतोष सिंह सेंगर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड की चपेट में आकर दुकान की नकदी समेत करीब दो लाख का नुकसान हो गया। साथ ही ट्रंासफार्मर भी फुंक गया। इसी प्रकार नगर के कर्बला रोड में अज्ञात कारणों के चलते कूड़े के ढेर आग सुलगने लगी। कुछ ही देर में लपटें उठने लगीं। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।
-------------------
पराली में लगी आग
कोंच। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुरा में गेहूं की पराली में अचानक आग लग गई जिससे वहां अफरातफरी मच गई। एक किसान के खेत में हार्वेस्टिंग के बाद पड़ी गेहूं की पराली में अज्ञात कारणों के चलते अचानक आग लग गई जिससे वहां अफरातफरी मच गई। आग लगने पर ग्रामीणों ने अपनी अपनी सबमर्सिबल चलाकर आग को बुझाया। (संवाद)