मृतक बृजेंद्र के घर पर लगी महिलाओं की भीड़।
- फोटो : ORAI
आटा। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दोनों युवक एक ही गांव के थे और आपस में दोस्त भी थे। बाइक सवार हेलमेट भी नहीं लगाए थे।
कस्बा आटा निवासी ब्रजेंद्र यादव (37) दोस्त शफीक (30) के साथ शुक्रवार की शाम रिश्तेदारी में सुरहती गांव गया था। लौटते वक्त देर रात उनकी बाइक सुरहती पुलिया से टकरा गई। हादसे में दोनों बाइक सवार खंदक में गिरने पर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। शनिवार की सुबह राहगीरों ने दोनों को खंदक में पड़े देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। शवों को पंचनामा भरकर घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में चीख पुकार मच गई।
ब्रजेंद्र की पत्नी गायत्री और बच्चों राधा (7) और कृष्णा (9) का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक शफीक की पत्नी आसमां और बच्चे समीर (8) व मुन्नी (10) भी बिलखते रहे। इलाकाई लोगों ने बताया कि दोनों की दोस्ती काफी पुरानी थी और दोनों मजदूरी भी साथ करते थे। बृजेंद्र रिश्तेदारी में जाने के लिए किसी से बाइक मांग कर गया था। सुरहती के ग्रामीणों के मुताबिक हादसे वाले स्थान पर काफी दिनों से बबूल की लकड़ी कटी पड़ी है। जिसके चलते बाइक अनियंत्रित होकर खंदक में गिरी होगी।