उरई। हर गांव में वैक्सीनेशन की दोनों डोज लगवाने वाले पांच-पांच लोगों को कोरोना चैंपियन का दर्जा मिलेगा। दो सप्ताह तक जिस ग्राम पंचायत में कोई भी व्यक्ति कोरोना से संक्रमित नहीं मिलता है तो उनके ग्राम को कोरोना मुक्त ग्राम घोषित किया जाएगा। जो ग्राम प्रधान सबसे पहले मेरा गांव कोरोना मुक्त गांव घोषित कराएगा, उसे जिला प्रशासन की ओर से पुरस्कृत व सम्मानित किया जाएगा। यह घोषणा डीएम प्रियंका निरंजन ने की।
डीएम ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश किया गया कि प्रतिदिन कंट्रोल रूम व अन्य माध्यमों से मरीजों से पूछताछ एवं होम आइसोलेशन किट (दवाओं की किट) संक्रमित व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निगरानी समितियों द्वारा कराया जाए। इसके लिए निगरानी समितियों को हर हाल में सक्रिय किया जाए। जिन्हें दोनों वैक्सीन लग चुकी है। उनके माध्यम से गांव में टीकाकरण के लिए लोगों को घर-घर जाकर जागरूक कराया जाए। ताकि ग्राम में 45 साल से ऊपर के सभी लोगों का टीकाकरण हो सके। डीएम ने बताया कि मेरा गांव कोरोना मुक्त गॉव के अंतर्गत सभी ग्राम प्रधानों को निर्देश दिए गए है कि अपने-अपने ग्राम पंचायत में सैनिटाइजेशन, फागिंग, लक्षणयुक्त व्यक्तियों का सर्वे एवं वैक्सीनेशन कराकर अपने गांव को कोरोना मुक्त बनाएंगे।
---------------
पेंडमिक पब्लिक ग्रीवांस कमेटी के पास पहुंचा मामला
उरई। शहर के झांसी रोड स्थित चौधरी चरण सिंह इंटर कालेज के सामने खुदाई के बाद अधूरे छोड़े गए नाले की शिकायत इलाकाई नागरिकों ने पेंडमिक पब्लिक ग्रीवांस कमेटी से की है। उन्होंने पालिका प्रशासन व ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि शहर के झांसी रोड स्थित चौधरी चरण सिंह इंटर कालेज के समीप पानी निकासी के लिए जेसीबी मशीन से दस फीट गहरी सात फुट चौड़ी और लगभग सवा सौ फुट लंबा नाला की खुदाई कराई गई है। इस काम को अधूरा छोड़ दिया गया है। जिन लोगों के दरवाजे से नाला निकला है, उनका निकलना दूभर हो गया है। इस समस्या के निदान के लिए कई बार पालिका प्रशासन से भी गुहार लगाई गई पर कोई सुनवाई नहीं हुई। मोहल्ले के अवधेश निरंजन ने न्यायिक अधिकारी के नेतृत्व वाली पेंडमिक पब्लिक ग्रीवांस कमेटी से शिकायत की है। उन्होंने बताया कि वह कोरोना संक्रमित हो चुके है। मोहल्ले में कई और संक्रमित है लेकिन पालिका प्रशासन समस्या का निदान नहीं किया गया। इस पर कमेटी के सदस्य एडीएम प्रमिल कुमार सिंह ने पालिका के ईओ को तत्काल मामले के निस्तारण के आदेश दिए हैं।