उरई। सफेद बोलेरो गाड़ी में बैठकर खुद को कभी आरटीओ तो कभी फाइनेंस अधिकारी बताकर ट्रक चालकों को लूटने वाले गिरोह के छह बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। इनके पास से कुछ फर्जी आईकार्ड, छह असलहे, बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी और कुछ रुपये भी बरामद किए गए हैं। एसपी रवि कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इन्हीं बदमाशों ने सप्ताह भर पूर्व जिले में ही ट्रक चालक को अगवा कर उससे तीस हजार रुपये लूटे थे।
एसपी के मुताबिक पांच सितंबर को गोरखपुर जिले के थाना हरपुर बुदहर के रामनगर निवासी ट्रक चालक धीरेंद्र कुमार यादव ने उरई शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि उरई-राठ मार्ग पर बोलेरो सवार कुछ लोगों ने खुद को अधिकारी बता ट्रक रोककर उसे अगवा कर लिया। रास्ते में मारपीट कर उसके तीस हजार रुपये लूट लिए। तभी से पुलिस बदमाशों की तलाश में थी। बताया कि रविवार सोमवार की रात एसओजी, सर्विलांस व कोतवाली पुलिस ने करमेर रोड पर हाईवे ओवरब्रिज के पास बोलेरो सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई।
पुलिस ने छह बदमाशों को घेरकर पकड़ लिया। पकड़े गए लुटेरों में प्रद्युम्न उर्फ संटी निवासी माखापुर थाना सट्टी कानपुर देहात, शिवम यादव निवासी हरारा थाना भोगनीपुर कानपुर देहात, रिजवान उर्फ बुंदे निवासी अकबरपुर थाना अयाना जिला औरैया, आसिफ खां निवासी मोहल्ला रामगंज कालपी हाल निवास कांशीराम कालोनी कालपी, गुड्डू उर्फ अंसार निवासी राजपुर कानपुर देहात, ललित यादव उर्फ बउआ निवासी माखापुर कानपुर देहात शामिल हैं।
लुटेरों के पास से पुलिस को छह तमंचे 315 और 32 बोर, सात कारतूस, छह खोखा, 12 हजार रुपये, मोबाइल, लूट में प्रयुक्त बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी, फर्जी दो आइडी कार्ड, चार नंबर प्लेटें बरामद हुई हैं। एसपी ने बताया कि पकड़े सरगना रिजवान पर 17 मुकदमे अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं।
अन्य लुटेरों का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। जांच के बाद अवैध रूप से कमाई इनकी संपत्ति जब्त की जाएगी। एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों को जेल भेजा जा रहा है। इनके खिलाफ गैंगेस्टर की भी कार्रवाई की जाएगी।