महिला अस्पताल में जांच करती टीम
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। कमिश्नर के निर्देश पर झांसी से आई दो सदस्यीय टीम ने जिला महिला अस्पताल में आंतरिक और वाह्य व्यवस्था को देखकर कचरा निस्तारण में नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। टीम ने ओपीडी कक्ष में महिलाओं की जांच के दौरान गोपनीयता बरतने के निर्देश दिए।
झांसी मंडल के संयुक्त निदेशक डा. जेके गुप्ता व मंडलीय कायाकल्प परामर्शदाता डा. राजेश पटेल ने जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। टीम ने रजिस्ट्रेशन काउंटर, टीकाकरण कक्ष, इंजेक्शन रूम, संपूर्णा क्लीनिक, प्रसव कक्ष, वार्ड, आयुष्मान भारत वार्ड, सफाई, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, हर्बल गार्डन, बिजली पानी आदि की व्यवस्था का निरीक्षण किया। टीम ने निर्देश दिया कि जगह-जगह खराब पड़े सामान की सूची बनाकर निस्तारण किया जाए।
अव्यवस्थित तरीके से रखी गई दवाओं को क्रम से अलग-अलग रैक में रखा जाए। इमरजेंसी रूम की ट्रे में मानक के अनुसार सभी जरूरी सामग्री रखी जाए। इसकी चेकलिस्ट भी तैयार की जाए। उन्होंने ओपीडी के निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों को निर्देश दिया कि महिला मरीजों की जांच के दौरान गोपनीयता का ख्याल रखें और पर्दे आदि व्यवस्थित किए जाएं। बायोलॉजिस्ट डा. सीएस बघेल ने पानी की जांच के बारे में जानकारी ली। डा. राजेश कुमार ने बताया कि यह निरीक्षण झांसी मंडलायुक्त के निर्देश पर किया गया है। इसमें कई बिंदुओं की जांच की गई है। उन्होंने सीएमएस डा. सुनीता बनौधा से कहा कि अस्पताल में तैनात स्थायी, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के अलग-अलग रजिस्टर बनाए जाए ताकि उनकी प्रगति देखी जा सके।