उरई। साइबर क्राइम सेल और कोतवाली पुलिस की टीम ने वाहनों के फर्जी बीमा करने वाले दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक मानीटर, सीपीयू, प्रिंटर, तीन मोबाइल, नकदी, बीमा प्रमाण पत्र की प्रतियां आदि बरामद की।
एसपी रवि कुमार ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में बताया कि कोतवाली पुलिस को वाहनों का फर्जी बीमा कर धोखाधड़ी की शिकायत मिली थी। पुलिस ने दो शातिरों पर रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार की रात शहर कोतवाली क्षेत्र के चुर्खी रोड स्थित एआरटीओ कार्यालय के पास से दो शातिरों अभय प्रताप सिंह व रवि कुमार पाल दोनों निवासी मोहल्ला बघौरा चुर्खी बाइपास उरई को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में पुलिस को एक मानीटर, सीपीयू, कीबोर्ड, प्रिंटर, तीन मोबाइल, 800 रुपये, डायरी और बीमा प्रमाणपत्र की प्रतियां बरामद हुई। शातिरों ने बताया कि वह क्रोम ब्राउजर पर एक लिंक के माध्यम से वाहनों के फर्जी बीमा करते थे। इसके बाद फर्जीवाड़ा करते हुए एम परिवहन एप पर वाहन के नंबर के साथ बीमा प्रमाण पत्र की तिथि दिखा देते थे। इस तरह से वह कई लोगों के साथ फर्जीवाडा कर चुके है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार सिंह, उपनिरीक्षक अमर सिंह, साइबर सेल उपनिरीक्षक रामप्रकाश सहित आदि पुलिसकर्मी शामिल रहें।