उरई। नामांकन के छठे दिन बसपा प्रत्याशी रहीस खान ने अपना एक सेट दाखिल कर नामांकन किया। इसी के साथ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सुनीता सिंह ने भी दावेदारी की। वहीं नगर पालिका के सदस्य पद के लिए 14 निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इस दौरान सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम रहे।
नगर पालिका व पंचायत चुनाव के लिए 29 अक्तूबर से शुरू हुए नामांकन के छठवेें दिन शुक्रवार को जिले से पहली बार किसी बड़े दल से नामांकन दाखिल हुआ। बसपा के प्रत्याशी रहीस खान ने अपना नामांकन दाखिल किया। इसी के साथ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सुनीता देवी ने भी नामांकन किया। इस दौरान उरई नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए आरिफ, अजय पाल, लालमन वर्मा, अवधेश निरंजन, सुरेश गौड़, नारायण हरी अवस्थी, संजय कुरेले आदि ने पर्चे खरीदें तो वहीं 74 सदस्यों ने भी पर्चो की खरीद की।
बसपा प्रत्याशी ने अपना पहला सेट गुपचुप तरीके से दाखिल किया, जो दिन भर चर्चाओं का विषय बना रहा। प्रशासन ने कलक्ट्रेट के बाहर ही प्रत्याशियों के वाहन रोक दिए। खरीद के लिए परिसर में बने काउंटरों तक सिर्फ प्रत्याशियों को ही जाने दिया गया। उधर, कोटरा नगर पंचायत में नामांकन के छठवें दिन पहला नामांकन दाखिल हुआ। अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी महेंद्र प्रताप सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया तो सपा के मधुसूदन सिंह व पाती राम ने पर्चा खरीदे। वहीं 18 सदस्यों ने भी पर्चे खरीदें।