उरई। जालौन-औरैया मार्ग पर गुरुवार की रात ट्रैक्टर व कार की भिड़ंत में घायल दो युवकों की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इससे पहले हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर मौत हो गई थी।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के जालौन औरैया मार्ग स्थित हाइवे पर सहाव मोड़ के पास गुरुवार की रात करीब नौ बजे ट्रैक्टर में पीछे से एक कार घुस गई थी। हादसे में ट्रैक्टर ड्राइवर महेंद्र कुुमार (35) निवासी कस्बा जालौन की मौके पर ही मौत हो गई थी। कार सवार मुकेश कुमार पुत्र हरगोविंद निवासी नया पटेलनगर उरई विवेक दोहरे (25) पुत्र रामचंद्र दोहरे निवासी बघौरा, पंकज कुमार दोहरे (30) पुत्र दुर्गा प्रसाद निवासी बघौरा, महेश (55) पुत्र मल्लू निवासी शांतिनगर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को कार से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया था। रास्ते में मुकेश कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं देर रात इलाज के दौरान विवेक दोहरे की भी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गंभीर रूप से घायल महेश व पंकज को झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
उधर, संवाद न्यूज एजेंसी आटा के अनुसार, झांसी-कानपुर हाईवे स्थित आटा बस स्टैंड पर शुक्रवार की शाम बाइक से सड़क पार कर रहे। रतन पुत्र पंचांग निवासी मुसमरिया थाना चुर्खी की बाइक में कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल रतन को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि कार किसी महिला इंस्पेक्टर की है, जो झांसी की ओर जा रही थी। जांच पड़ताल की जा रही है। युवक हेलमेट लगाए हुए था।