उरई। एट कस्बे में रविवार रात बीएसएनएल टावर के पास ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें झांसी रेफर कर दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भाग निकला।
एट कस्बे के मोहल्ला पुराना थाना निवासी अरबाज (22) दोस्त धीरज वर्मा (25) के साथ बाइक से उरई में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान एक अन्य दोस्त का फोन आने पर दोनों उसे लेने के लिए वापस कस्बे की ओर लौट रहे थे। तभी बीएसएनएल टावर के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। थाना अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद फरार ट्रैक्टर चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।