उरई। गोहन थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव के करीब 70-80 ग्रामीण मंगलवार को बस से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी से शिकायत कर एससी-एसटी एक्ट और छेड़छाड़ के आरोपों से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
गांव निवासी सिद्धश्री शर्मा पत्नी बालकराम का आरोप है कि उनका बेटा सोनू मानसिक रूप से दिव्यांग है और सोचने-समझने में सक्षम नहीं है। उनके अनुसार गांव के ही व्यक्ति ने सोनू के साथ गालीगलौज और मारपीट की। इसके बाद परिवार के पांच-छह अन्य लोगों के साथ घर में घुसकर मारपीट की गई, जिसमें 85 वर्षीय सिद्धश्री घायल हो गईं। पीड़िता ने दावा किया कि घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है।
सिद्धश्री के मुताबिक, घटना की शिकायत पुलिस से करने के बाद दूसरे पक्ष नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप लगा रहा है। ग्रामीणों ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और निर्दोष लोगों को न्याय दिलाने की मांग की। मामले में दूसरे पक्ष का बयान उपलब्ध नहीं है।