उरई/आटा (जालौन)। आटा-इटौरा रेलवे क्रासिंग पर शुक्रवार की सुबह इटौरा से कानपुर की ओर जा रहा मौरंग लगा ट्रक खराब हो गया। इससे जाम लग गया। इसके चलते कोच्चिवैली से गोरखपुर जाने वाली राप्तीसागर एक्सप्रेस और झांसी से कानपुर जाने वाली मालगाड़ी प्रभावित हुई। सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर रेलवे एक्ट में कार्रवाई की है।
शुक्रवार सुबह पांच बजे झांसी कानपुर रेलमार्ग के आटा इटौरा रेलवे क्रासिंग नंबर 189 पर इटौरा से मौरंग लदा ट्रक कानपुर की ओर जा रहा था, जैसे ही ट्रक रेलवे क्रासिंग पर पहुंचा तो अचानक खराब होकर बंद हो गया। ट्रक चालक जगवेंद्र (24) निवासी घाटमपुर ने कई बार कोशिश की पर ट्रक स्टार्ट नहीं हुआ। इसी बीच कौच्चिवैली से गोरखपुर की ओर जाने वाली राप्तीसागर एक्सप्रेस के आने की सूचना हुई। जब गेटमैन ने रेलवे क्रासिंग बंद करने की कोशिश की तो क्रासिंग बंद नहीं हो पाई, तब तक ट्रेन होम सिग्नल के पास आकर खड़ी हो गई।
इस पर गेटमैन ने इसकी सूचना ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस अंबुज कौशल और आरपीएफ को दी। मौके पर पहुंची आरपीएफ ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक को ट्रैक से हटवाया। इसके चलते राप्तीसागर करीब दस मिनट खड़ी रही। वहीं, झांसी से कानपुर जाने वाली मालगाड़ी को भी रोककर चलाया गया। इसके चलते जाम लगने से सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ। सुबह 5.30 बजे ट्रक हटने के बाद यातायात बहाल हो सका। आरपीएफ इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार यादव ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक चालक जगवेंद्र के खिलाफ रेलवे एक्ट में मामला दर्ज किया है।