उरई। होली के मौके पर यात्रियों की भारी भीड़ के चलते मुंबई और गोरखपुर जाने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों में दस मार्च तक जगह नहीं है। कुशीनगर, पुष्पक, संत कबीरनगर जैसी ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं हैं। समर स्पेशल और होली स्पेशल ट्रेनों में भी यात्रियों को जगह नहीं मिल पा रही है।
मुंबई से गोरखपुर जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस (22538) में 11 मार्च तक स्लीपर क्लास में नो रूम है, जबकि एसी में 4 से 40 तक वेटिंग चल रही है। इसी तरह मुंबई से लखनऊ पुष्पक एक्सप्रेस (12534) में एक मार्च को नो रूम लगा है और 2 मार्च से 10 मार्च तक 100 से ज्यादा वेटिंग है। एसी में भी 4 से 78 तक वेटिंग देखी जा रही है।
संत कबीरनगर एक्सप्रेस (20103) में दस मार्च तक स्लीपर में 58 से 110 तक वेटिंग है, थर्ड और टू एसी में भी 8 से 55 तक वेटिंग चल रही है। पनवेल एक्सप्रेस (15066) में स्लीपर क्लास में 10 मार्च तक लगभग 80 वेटिंग है। राप्तीसागर एक्सप्रेस (12511, 12522) में स्लीपर से लेकर एसी तक लंबी वेटिंग चल रही है। बरौनी से ग्वालियर जाने वाली छपरा मेल (11124) में स्लीपर में 143 वेटिंग है, जबकि थर्ड और सेकेंड एसी में 9 मार्च तक जगह नहीं है। लखनऊ-मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस (12533) और गोरखपुर-मुंबई संत कबीरनगर एक्सप्रेस (20104) में भी लंबी वेटिंग चल रही है, जो कनफर्म होने की संभावना कम है।
होली स्पेशल ट्रेनों में भी वेटिंग
होली स्पेशल ट्रेनों में भी यात्रियों को मुश्किल हो रही है। उधना- अयोध्या कैंट (09093), मुंबई-गोरखपुर (01079), पुणे-गोरखपुर (01415) जैसी स्पेशल ट्रेनों में स्लीपर और एसी दोनों में वेटिंग 10 मार्च तक चल रही है।
कई समर स्पेशल ट्रेनों का नहीं दिया स्टापेज
रेल प्रशासन की मनमानी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। मुंबई-कटिहार (09189-90), उधना-रक्सौल (09151-52), मुंबई-दानापुर स्पेशल ट्रेनों को उरई स्टेशन पर स्टापेज नहीं दिया गया। जबकि दिवाली पर इन ट्रेनों का स्टापेज उरई में होने से यात्रियों को राहत मिली थी।
वर्जन
रेल प्रशासन ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया है। यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
— मनोज कुमार सिंह, पीआरओ