कदौरा। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम बबीना में नई सीसी सड़क ग्रामीणों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा 45 लाख रुपये की लागत से यह सड़क बनाई जा रही है। इसकी कम चौड़ाई और अधिक ऊंचाई के चलते आवागमन में दिक्कतें आ रही हैं।
लगभग 500 मीटर लंबी और 3 मीटर चौड़ी इस सड़क का निर्माण हो रहा है। यह सड़क जोल्हुपर-हमीरपुर हाईवे से बबीना होते हुए हांसा, अलीपुर, मवई अहीर, मुहारी, पाली, अभिरवा आदि ग्रामों को जोड़ती है। वर्षों से खराब पड़ी इस लिंक सड़क पर पहले भारी भरकम गड्ढे थे। अब तीन मीटर चौड़ी सड़क पर दो बड़े वाहन आमने-सामने निकल पाना मुश्किल हो रहा है। इससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है। यह स्थिति ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गई है।
मंगलवार को धीरेंद्र, आकाश, अंकित, राजेश, गोविंद और शिवा सहित कई ग्रामीणों ने विकास खंड कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। उन्होंने बीडीओ संदीप मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर सड़क के दोनों किनारों पर लगभग ढाई-ढाई फीट इंटरलॉकिंग निर्माण की मांग की। बीडीओ ने बताया कि ग्रामीणों का पत्र मिला है और संबंधित विभाग से अनुमति पूछी जा रही है। यदि ग्राम पंचायत इंटरलॉकिंग करवा सकती है, तो इसे कार्ययोजना में डालकर जल्द निर्माण करवाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन महेंद्र सिंह ने भी इंटरलॉकिंग के लिए एनओसी उपलब्ध कराने की बात कही। (संवाद)