उरई (जालौन)। उरई स्टेशन पर स्टापेज कटौती का असर दीवाली त्योहार पर दिखा। पुणे से लखनऊ जाने वाली ट्रेन नंबर 12103 को दो मिनट स्टापेज के बाद चलाने के कारण कई यात्रियों को दौड़कर ट्रेन पकड़नी पड़ी। इससे नाराज यात्री ने रेलवे बोर्ड के ट्विटर पर शिकायत दर्ज कराई। झांसी उरई सेक्शन के यातायात निरीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से जवाब तलब किया है।
लखनऊ से पुणे जाने वाली ट्रेन 1.17 बजे उरई स्टेशन पर आई। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस एससी अग्रवाल ने 1.19 बजे ट्रेन को ग्रीन सिग्नल दे दिए। ट्रेन में त्योहार की भीड़ होने के कारण कई यात्री ठीक से उतर भी नहीं पाए और न ही कई यात्री चढ़ पाए थे। ट्रेन चलने के कारण कई यात्रियों ने दौड़कर ट्रेन को पकड़ा और कई यात्री कूदकर उतरे।
इस व्यवस्था से नाराज किसी यात्री ने इसकी शिकायत ट्विटर पर रेलवे बोर्ड से कर दी। इस बाबत झांसी उरई सेक्शन के यातायात निरीक्षक परितोष शर्मा का कहना है कि भले ही दो मिनट का स्टापेज हो लेकिन यात्रियों की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस को अपने विवेक से भीड़ देखकर ट्रेनों का संचालन करना है। इस मामले में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी से जवाब तलब किया जा रहा है।