डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम कमठा के रहने वाले करीब 25 मजदूर शनिवार को कोंच कोतवाली क्षेत्र के अंडा गांव मटर तोड़ने प्रीतम पुत्र दिनेश अहिरवार की ट्रैक्टर ट्राली से गए थे। शाम को काम पूरा होने पर सभी ट्रैक्टर ट्राली से वापस गांव आ रहे थे। उनके वहां से निकलते ही अंधेरा हो गया था। ट्रैक्टर जैसे ही डकोर के बरसार व कमठा गांव के बीच पहुंचा तभी अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। चालक प्रीतम कुछ समझ पाता इससे पहले ट्रैक्टर बेकाबू होकर सड़क किनारे खंती में जाकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली सवार सभी लोग उसके नीचे दब गए, जिससे वहां चीख पुकार मच गई।
हादसा होते ही ट्रैक्टर चालक प्रीतम ट्रैक्टर व घायलों को छोड़कर भाग निकला। चीख सुनकर उधर से निकल रहे राहगीर दौड़ कर आए। उन्होंने किसी तरह ट्रैक्टर ट्राली में दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक ट्रैक्टर सवार सुखवती उर्फ जिगनी वाली (60) पत्नी बैजनाथ व सोनू (16) पुत्र देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं हादसे में कृपाल (55) पुत्र दुलीचंद, कु. हिम्मू (16) पुत्री गिरधारी, शांति (55) पत्नी सेनापति, उमा (40) पत्नी निरंजन, रामादेवी (50) पत्नी मनीराम, कलादेवी (60) पत्नी तेजराम व पुष्पेंद्र (22) पुत्र सियाराम निवासीगण कमठा थाना डकोर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर घायलों को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां शांति व कलादेवी की हालत नाजुक होने पर चिकित्सक ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, बाकी का वहीं इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के भेज दिया। उधर हादसे में सुखवती व सोनू की मौत की खबर गांव पहुंचते ही हड़कंप मच गया। उनके व घायलों के परिजन दौड़ते हुए अस्पताल पहुंचे। मृतकों व घायलों के परिजनों ने चालक प्रीतम पर लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने प्रीतम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और उसकी तलाश कर रही है।
रास्ते में चालक ने किया था नशा
हादसे में घायल सभी मजदूर ट्रैक्टर चालक प्रीतम पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रीतम ने एट में रुक कर गांजे का नशा किया था। नशा ज्यादा होने से ट्रैक्टर से उसका संतुलन छूट रहा था। उससे कुछ देर रुकने के लिए भी कहा गया था, लेकिन उसने किसी की एक न सुनी और अपनी धुन में चला आया। उसकी जिद की वजह से हादसा हो गया और आखिरकार दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।