उरई। शहर कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए झांसी-कानपुर हाईवे पर संदिग्ध हालात में खड़े तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान कार से दो किलो 332 ग्राम गांजा, 80 हजार रुपये नकद व तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया, जबकि कार को सीज कर दिया गया है। आरोपियों में एक प्रधान का पति भी है।
मंगलवार रात पुलिस टीम कोतवाली क्षेत्र के अजनारी पुल के नीचे सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सुनसान स्थान पर अंधेरे में एक कार खड़ी दिखाई दी। शक होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार के पास खड़े तीन लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम एट थाना क्षेत्र के गिरथान गांव निवासी बालकिशुन, सुरेंद्र पाल (प्रधान पति) व दीपक यादव बताए। तलाशी में कार से गांजा व नकदी बरामद हुई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा बेचने का काम करते हैं और ग्राहक को सप्लाई देने आए थे।
कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चंद्र ने बताया कि गिरफ्तार सुरेंद्र पाल ग्राम प्रधान का पति है। उसके खिलाफ एट थाने में पहले से छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया, यहां से उन्हें जेल भेज दिया है।