उरई। जिले में शुक्रवार को कोरोना से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 72 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 10980 हो गई है। इसमें एक्टिव 1349, मौतें 162, ठीक हुए व्यक्तियों की संख्या 9469 पहुंच गई है।
शुक्रवार को 230 लोगों ने कोरोना से जंग जीती है। सीएमओ डॉ ऊषा सिंह ने बताया कि सभी संक्रमितों के संपर्क के लोगों ने सैंपल लिए जा रहे हैं। इसके अलावा उनके घरों के आसपास सैनिटाइजेशन भी कराया जा रहा है।
शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या रोजाना की अपेक्षा कम आने से स्वास्थ्य विभाग ने भी राहत की सांस ली है। अब 393121 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। शुक्रवार को ट्रुनेट जांच में 9, एंटीजन जांच में 13 बाकी पाजीटिव आरटीपीसीआर जांच में पाजिटिव आए हैं। एल-1 अस्पताल में अभी भी 240 बेड रिक्त है। डीएम प्रियंका अधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बेवजह घरों से न निकले, मास्क लगाए और सामाजिक दूरी का पालन करें।