खेतों में फेंके गए सामान का निरीक्षण करती पुलिस
- फोटो : ORAI
कोंच। घर के पिछवाड़े से घुसे चोरों ने घर में रखे लाखों रुपये की नगदी-जेवर पार कर दिए। चोरी की यह वारदात कोंच के ग्राम छानी में हुई। घटना के समय घर के लोग कमरों में सोते रहे। बुधवार सुबह गांव के बाहर खेत में बंदूक व खाली सूटकेस बैग पड़े मिले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छानी निवासी बलवीर सिंह निरंजन के बेटे सुरेंद्रपाल सिंह ने घटना की तहरीर दी है। बताया कि मंगलवार की रात परिवार के लोग अलग-अलग कमरों में सो रहे थेे। चोर घर के पिछवाड़े की दीवार फांदकर भीतर घुसे और कमरे की कुंडी काटकर वहां रखे बक्से, दो सूटकेस, बैग, लाइसेंसी एक नली बंदूक व कारतूसों का पट्टा, जिसमें लगभग दर्जन भर कारतूस लगे थे, उठा कर ले गए।
सुबह जब बहू की आंख खुली तो घटना का पता चला। तब 112 पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर निरीक्षण किया। खेतों में बक्से के साथ बंदूक मिल गई। सुरेंद्रपाल ने बताया कि चोर लाखों के जेवर व नब्बे हजार रुपये ले गए हैं। इंचार्ज कोतवाल उदयभान गौतम का कहना हैै कि चोरी का जल्द खुलासा कर चोरों को सलाखों केे पीछे भेजा जाएगा।