उरई। बंद घर पाकर चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पार कर दी। गृहस्वामी परिवार के साथ ताजिया देखने गए थे। जब वह लौट कर आए तो घर में बिखरा सामान व जेवर-नकदी गायब देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उमरारखेरा निवासी जावेद खान गुरुवार शाम परिजनों के साथ जेल के पीछे कर्बला मैदान पर ताजिया देखने गए थे। इसी बीच किसी समय बंद घर का ताला तोड़कर चोर घर में घुस आए।
इसके बाद कमरे में रखी अलमारी का लॉकर व बक्सों का ताला तोड़कर दो सोने के हार, तीन सोने की अंगूठियां, एक मनचली, दो जोड़ी झुमकी, एक नथ, दो चांदी की पायल, एक चांदी का हथफूल, सहित करीब 90 हजार की नकदी पार कर दी। गृहस्वामी जब घर लौटा तो दरवाजे का टूटा ताला व बिखरा सामान देख उसके होश उड़ गए। उसने बताया कि चोरों ने उसके घर से करीब सात लाख की जेवर नगदी पार की है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
शहर में लगातार चोरियों से लोगों में दहशत
उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के कोंच बस स्टैंड, जेल चौकी क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में आए दिन हो रही चोरियों से लोग दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस शाम के बाद हाथ पर हाथ धरे बैठी रहती है। जिससे चोर आसानी से घटनाओं को अंजाम दे देते हैं। हालत यह है कि लगातार चोरियां होने के बाद भी पुलिस किसी भी चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। जिससे लोगों को रात-रात भर जागना पड़ता है। (संवाद)