फोटो -02 चोरी के बाद अलमारी दिखते गल्ला व्यपारी संजीव निरजंन। संवाद
कोंच। कस्बे की गल्ला मंडी परिसर में शुक्रवार रात चोरों ने कैंटीन और आढ़त के ताले तोड़कर नकदी व सामान चोरी कर लिया। हालांकि चोर एक अन्य आढ़त के ताले तोड़ने में सफल नहीं हुए। हैरानी की बात यह है पास ही में चेकपोस्ट पर गार्ड ड्यूटी करते रहे लेकिन वारदात की भनक तक नहीं लगी। वहीं चोरों को नजदीक स्थित पुलिस चौकी का भी कोई भय नहीं रहा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
मंडी गेट के पास बनी नंबर दो कैंटीन के ताले तोड़कर चोर अंदर घुसे और गुल्लक में रखी करीब ढाई हजार रुपये की नकदी, गुटखा-बीड़ी सहित अन्य सामान ले गए। कैंटीन संचालक ब्रजेंद्र कुशवाहा ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे कैंटीन बंद कर घर चले गए थे। सुबह सूचना मिलने पर पहुंचे तो ताले टूटे मिले। वहीं पास में स्थित संजीव कुमार निरंजन की आढ़त के चोरों ने ताले तोड़ दिए और अंदर रखी अलमारी का लॉकर भी तोड़कर करीब 10 हजार रुपये की नकदी और जरूरी कागजात पार कर दिए।
चोरों ने घमूरी निवासी मंगल पटेल की आढ़त के ताले तोड़ने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हो सके। एक ही रात में लगातार इन वारदातों से मंडी व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब चेकपोस्ट पर गार्ड और पास में पुलिस चौकी मौजूद थी तब भी चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर भाग गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
फोटो -02 चोरी के बाद अलमारी दिखते गल्ला व्यपारी संजीव निरजंन। संवाद