मुहम्मदाबाद। कस्बा डकोर से निकले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास हमीरपुर शाख नहर किनारे खेतों में काम कर रहे किसानों को तीन विशालकाय अजगर दिखाई दिए।
इससे किसानों में दहशत फैल गई। किसानों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी। उप क्षेत्रीय वन अधिकारी ने अजगरों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर मौके पर भेजा। टीम की काफी खोजबीन के बाद अजगरों का कहीं सुराग नहीं लगा।
रविवार की सुबह बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास हमीरपुर शाख नहर किनारे करीब 10 से 12 फुट लंबे तीन अजगरों को देख किसानों में खलबली मच गई। नहर किनारे धूप ले रहे अजगरों को देख किसानों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी। उप क्षेत्रीय वन अधिकारी मनीष कुमार ने कर्मचारियों की चार सदस्यीय टीम को रवाना किया।
टीम ने नहर की पट्टी पर दोनों ओर दो-दो किलोमीटर तक का एरिया भी देखा। किसान छब्बे यादव का कहना है कि एक सप्ताह पहले नहर किनारे चरने गईं उनकी दो बकरियां गुम हो गईं थीं। किसान प्रेमसिंह ने बताया कि उनकी भी एक बकरी नहीं मिल रही है। महेंद्र, शिवपाल कल्याण आदि का कहना है कि अजगर दिखने की सूचना वन विभाग को दी गई। टीम के देरी से पहुंचने पर अजगर भाग गए। किसान डर के कारण खेतों में सिंचाई करने नहीं जा पा रहे हैं।