उरई। सड़क हादसे में घायल युवक की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के पहलवानवाड़ा मोहल्ला निवासी जोगेंद्र सिंह (34) चार अप्रैल को बाइक से अपने साले जालौन कोतवाली क्षेत्र के पर्वतपुर निवासी कैलाश (32) के साथ कुठौंद थाना क्षेत्र के दौन गांव में शादी समारोह में शामिल होकर वापस आ रहा था। जैसे ही उनकी बाइक जालौन-औरैया हाईवे पर पहुंची कि तभी सामने से बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने दोनों को मेडिकल कालेज पहुंचाया। जहां जोगेंद्र सिंह की गंभीर हालत होने पर उसे ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया। रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं। वह बीटीसी कर चुका था। उसकी मौत से पत्नी अनीता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।