जालौन। गोशाला में बीमार गोवंश के मांस को नोंचकर खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रधान ने जानबूझकर उसकी छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से वीडियो वायरल होने की बात कहते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम उरगांव स्थित गोशाला में बीमार गोवंश का मांस नोंचकर खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आरोप लगाया गया कि गोशाला में गोवंश की सही से देखभाल नहीं हो रही है। इसको लेकर गांव की प्रधान शारदा ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गोशाला में एक गोवंश दो दिन से बीमार था। उसके बीमार होने की सूचना तत्काल पशु चिकित्साधिकारी को दे दी गई थी। उनके द्वारा बीमार गोवंश का उपचार भी कराया गया लेकिन इसी दौरान गांव के ही कुछ आराजकतत्वों ने उनकी छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से जान बूझकर गोशाला में प्रवेश किया। सूअर को आटा डालकर वह उसे गोशाला के अंदर ले गए। जहां उन्होंने वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उन्होंने जानबूझकर गोशाला की व्यवस्था को प्रभावित करने और उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। इस बाबत बीडीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है वह जानकारी कर रहे हैं। जो उचित होगा कार्रवाई की जाएगी।