कोंच। भगत सिंह नगर में खेड़ा चौराहे के पास रविवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। हादसे के समय कमरे में सो रहा 22 वर्षीय कल्लू खान मलबे में दब गया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
भगत सिंह नगर निवासी कल्लू खान रविवार सुबह घर के कमरे में सो रहा था। इसी दौरान अचानक गारा-ईंटों से बनी छत भरभराकर उसके ऊपर आ गिरी। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मलबे के नीचे दबे कल्लू को निकालने के लिए लोगों ने हाथों से मलबा हटाया और काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला।
परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक युवक के सीने समेत शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी चोटें आई हैं।
बताया गया कि मकान करीब पांच दशक पुराना है। इसकी छत गारा और ईंटों से बनी थी। पुराना होने के कारण छत काफी कमजोर हो चुकी थी। हादसे के बाद मोहल्ले में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
फोटो - 01 घायल कल्लू खान। संवाद