कोंच। बाजार में दुकानदार की नाबालिग बेटी से छेड़खानी करने पर भीड़ ने तीन शोहदों को दौड़ा लिया। शोहदे भीड़ को चकमा देकर भाग निकले। शाम के वक्त किशोरी ने पिता के साथ कोतवाली जाकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर दी कि वह पिछले दस बारह सालों से मानिक चौक में फुटपाथ में खाने पीने का सामान बेचने का काम करता है। गुरुवार शाम को भी वह दुकान पर बैठा था, तभी उसकी नाबालिग बेटी उससे मिलने आई तो पास में खड़े तीन लड़कों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। बेटी के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदारों व लोगों ने तीनों लड़कों को दौड़ा लिया। शोहदे भीड़ को चकमा देते हुए संकरी गलियों से भाग निकले। कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने तत्काल इलाकाई सागर चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह को मौके पर भेजा पर शोहदे उनके हाथ नहीं आ सके। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।