कस्बे में रानी तालाब क्षेत्र में लगा ट्रांसफार्मर तीन दिन से फुंका पड़ा है। तभी से यहां के तकरीबन पांच सौ घरों में अंधेरा छाया है। इससे लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इलाकाई लोगों की माने तो इस बारे में बिजली विभाग के अधिकारियों को कई मर्तबा अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हो सकी है।
आक्रोशित लोगों का कहना है कि अविलंब फुंका ट्रांसफार्मर दुरुस्त न किया गया तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने के लिए मजबूर होंगे। कस्बा रामपुरा में रानी तालाब क्षेत्र में रखा 250 केवी का ट्रांसफार्मर तीन दिन पहले एकाएक तेज धमाके के साथ फुंक गया।
इसी के साथ इस ट्रांसफार्मर से जुड़े लगभग पांच सौ घरों की बत्ती गुल हो गई। इससे यहां के बाशिंदों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बत्ती गुल होने से अब पानी का भी संकट गहराने लगा है। कस्बे के अनुराग सोनी, संजय गेड़ा, लला चौबे, दिवाकर गुप्ता, स्वाल मुहम्मद, राकेश आदि का कहना है कि ज्यादा लोड होने से यह ट्रांसफार्मर आए दिन धड़ाम होता रहता है।
एक बार फुंकने पर कई-कई रोज तक ठीक होने का नाम नहीं लेता है। तीन दिन से पांच सैकड़ा घरों की बत्ती गुल है। बिजली विभाग के बड़े अफसरों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि समस्या का शीघ्र समाधान करवाया जाए।