जालौन के अधिकतर क्षेत्रों में रविवार को रिमझिम बारिश हुई। उरई, कोंच समेत जिले के विभिन्न हिस्सों में करीब 30 मिनट तक हल्की बारिश हुई जिससे गलन बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद अगले 24 घंटों में ठंड और गलन बढ़ने की संभावना है। बीते दो दिनों से दिन में अच्छी धूप निकल रही थी। इससे लोगों को सर्दी से राहत मिल
रही थी। लेकिन शनिवार देर रात से पहाड़ों पर हुई तेज बर्फबारी व बारिश का असर बुंदेलखंड में भी दिखाई दिया। रविवार सुबह कोहरे की धुंध छाई रही। लेकिन सुबह करीब 10:30 बजे
तक रिमझिम बारिश के साथ फुहारें गिरती रहीं। इससे ठंड बढ़ गई। अचानक बिगड़े मौसम के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान लोग गर्म कपड़े पहनने के बावजूद कांपते नजर आए। कई जगहों पर लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया।
और बढे़गी सर्दी, बारिश की भी संभावना
मौसम विशेषज्ञ पुरुषोत्तम दास ने बताया कि पहाड़ों पर हुई तेज बर्फबारी के चलते अगले 24 घंटे के अंदर जालौन में भी तापमान में भारी गिरावट आ सकती है। इसलिए लोगों को सर्दी से बचाव के लिए तैयारी कर लेनी चाहिए।
घंटों लेट चल रहीं ट्रेनें
सर्दी का असर ट्रेनों की रफ्तार पर पड़ रहा है। कई सुपरफास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों लेट चल रहीं हैं। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। रविवार को भी झांसी की ओर जाने वाली इंदौर पटना अपने निर्धारित समय से करीब 18 घंटे लेट रही। इसी तरह गोरखपुर बंगलौर 13 घंटे, बरौनी ग्वालियर आठ घंटे, गोरखपुर लोकमान्य तिलक दो घंटे लेट चल रही है। इसके
अलावा लखनऊ झांसी पैसेंजर व पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन का कोई समय ही नहीं है। वहीं, कानपुर की ओर जाने वाली राप्ती सागर 27 घंटे लेट चल रही है। यशवंतपुर गोरखपुर एक्सप्रेस तीन घंटे, राप्ती सागर एक्सप्रेस सिकंदाराबाद 12 घंटे लेट है। उरई स्टेशन अधीक्षक का कहना है कि सर्दी के चलते ट्रेेनें लेट हो रही है।