जालौन। मजदूरी करने गए युवक का शव शुक्रवार रात नाले में पड़ा मिला। इससे लोगों में खलबली मच गई। पुलिस ने शव निकलवाया और शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खंडेराव निवासी कपिल वाल्मीकि (27) का शव शुक्रवार को लौना रोड स्थित सुलभ शौचालय के पास नाले में पड़ा मिला। भाई महताब ने बताया कि कपिल मजदूरी करने गया था। शाम को जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसकी खोजबीन की। उसका कहीं पता नहीं चला। देर रात उन्हें पुलिस ने फोन कर जानकारी दी कि उसकी नाले में गिरने से मौत हो गई है। उसकी मौत से पत्नी काजल व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच की जा रही है। अनुमान है, शराब के नशे में नाले में गिर गया होगा।