कुठौंद। किशोरी के अपहरण के मामले में जमानत पर छूटे युवक ने साथियों के साथ दोबारा किशोरी को तमंचे के बल पर उठाकर कार में डाल लिया। परिजनों ने जब विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी विधवा महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गांव का ही सूरज सिंह उसकी 17 वर्षीय पुत्री को पहले बहला-फुसलाकर ले गया था। शिकायत के बाद पुलिस ने सूरज को गिरफ्तार कर किशोरी को ढूंढ लिया था। बाद में सूरज जमानत पर छूटकर घर आ गया।
वह लगातार पीड़िता को धमकी देता था कि मुकदमे में समझौता करो नहीं तो अंजाम बुरा होगा। बताया कि नौ नवंबर की रात सूरज साथी अमर सिंह, उदल सिंह, नीलू सिंह, जालौन निवासी शिवम गुप्ता और एक अज्ञात के साथ घर पर आया। आरोप है कि शिवम ने तमंचा दिखाकर किशोरी को जबरन गाड़ी में डाल लिया। परिजनों ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। घटना से गांव में तनाव की स्थिति बन गई। थाना प्रभारी अरुण कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को लगा दिया गया है। जल्द ही सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।