सिरसा कलार। ग्राम मलथुआ में ग्राम समाज की भूमि पर खड़े विलायती बबूल के पेड़ों की रातों-रात अवैध कटान का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर एसडीएम कालपी के निर्देश पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कटी लकड़ी को जब्त करा दिया।
ग्रामीण इंद्रपाल ने एसडीएम मनोज कुमार सिंह से शिकायत की थी कि अज्ञात ठेकेदार रात में पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। इसके बाद लेखपाल को मौके पर भेजकर जांच कराई गई, जिसमें शिकायत सही पाई गई। मौके पर करीब 40-50 कुंतल लकड़ी कटी हुई मिली, जिसे कब्जे में लेकर ग्राम प्रधान को सुपुर्द कर दिया गया।
एसडीएम ने बताया कि वन विभाग द्वारा लकड़ी का मूल्यांकन कराकर नीलामी कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कटान हो रही है, लेकिन वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे ठेकेदारों के हौसले बुलंद हैं। (संवाद)