उरई। माध्यमिक शिक्षक संघ के शिक्षकों ने शनिवार को पूर्व जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह के नेतृत्व में डीआईओएस कार्यालय में विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। पुरानी पेंशन की मांग की। भीषण गर्मी के बीच दोपहर में हुए प्रदर्शन के दौरान शिक्षक अपने साथ पानी के कैंपर भी लेकर पहुंचे। कार्यालय में पेयजल की समस्या बनी हुई है और वाटर कूलर खराब होने से कर्मचारियों को भी घर से पानी लाना पड़ रहा है।
प्रदेशीय मंत्री डॉ. राकेश निरंजन ने कहा कि एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, अजीत सक्सेना ने आरोप लगाया कि शिक्षकों से अवकाश के दौरान भी कार्य लिया जाता है, लेकिन उसके अनुरूप अर्जित अवकाश नहीं दिया जाता। संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. संजीव पाल, कोषाध्यक्ष ठाकुरदास निरंजन ने लंबित एरियर का भुगतान शीघ्र कराने की मांग उठाई।
जिला मंत्री रामहेत सिंह ने एनपीएस में जमा धनराशि को जीपीएफ में स्थानांतरित कर खातों को अपडेट करने की मांग की। सुनील गुप्ता ने विद्यालय समय परिवर्तन की मांग रखी। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह गुर्जर ने चेतावनी दी कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर शिक्षक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान प्रदीप गुप्ता, कृष्ण अवतार चतुर्वेदी, धीरेंद्र यादव, कैलाश, राखी गुप्ता, अरविंद शुक्ला, देवेंद्र कुमार झा, रजत कुलश्रेष्ठ, विमल, सतीश आदि शिक्षक मौजूद रहे।