उरई, कदौरा। सीएचसी में स्टाफ नर्सों से वसूली के वीडियो वायरल होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अशोक ने दो अन्य डॉक्टरों पर वसूली का आरोप लगाकर पूरे अस्पताल प्रबंधन को ही संदेह के घेरे में डाल दिया है।
वहीं सीएमओ डॉ.अल्पना बरतारिया का कहना है कि चिकित्सा अधीक्षक, उनके बावर्ची व एक अन्य स्टाफ से मंगलवार को वीडियो के संदर्भ में बयान लिए जाएंगे।
तीन दिन पहले सीएचसी अधीक्षक के बावर्ची के हाथ में रुपये और लाठी लेकर खड़े होने का एक वीडियो वायरल हुआ था।
जिसमें वह सामने बैठी तीन स्टाफ नर्सों से किसी डॉक्टर के नाम पर रुपये मांग रहा था। मामला चर्चा में आने के बाद शनिवार को सीएमओ सीएचसी पहुंची थी और दोनों नर्सों के बयान दर्ज किए थे। अधीक्षक, एक स्टाफ नर्स और बावर्ची पिंटू के मौके पर न मिलने के कारण उनके बयान दर्ज नहीं किए जा सके थे।
सोमवार को अधीक्षक ने प्रेसवार्ता करके बताया कि बावर्ची दो अन्य डॉक्टरों के यहां भी काम करता है, उनका नाम भी हो सकता है। पूरा मामला एक साजिश है, जिससे उन्हें और अस्पताल को बदनाम किया जा रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से भी की है।
अधीक्षक के आरोपों के संदर्भ में सीएमओ का कहना है कि उनका क्या कहना है अभी यह मालूम नहीं है। मंगलवार को अधीक्षक बयान में जो कुछ बताएंगे, उसी के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।