जालौन। अज्ञात कारणों के चलते किशोरी ने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस का कहना है कि परिजन कारण नहीं बता रहे हैं। जांच पड़ताल की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शहजादपुरा निवासी बाला प्रसाद मंगलवार सुबह अपनी पत्नी व बड़ी बेटी के साथ खेत पर मजदूरी के लिए गए थे। घर पर उनकी 14 वर्षीय छोटी बेटी चांदनी अकेली थी। बाला के मुताबिक रात में जब वे लौटे तो देखा कि घर के दरवाजे अंदर से बंद थे। किसी तरह हाथ डालकर कुंडी खोली गई तो कमरे में चांदनी का शव दुपट्टे के सहारे लटक रहा था। जिसे देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। इसकी सूचना पड़ोसियों ने कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना पर मौके पर पहुंचे एसआई बलराम शर्मा ने मृतका के शव को ग्रामीणों की मदद से नीचे उतरवाया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर एसके सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में भी हैंगिंग ही आया है और परिजन भी कोई आरोप प्रत्यारोप नहीं लगा रहे हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारण का पता करने के लिए पूछताछ की जा रही है।