सिरसाकलार। क्षेत्र के हथना खुर्द नदिया रपटा में बृहस्पतिवार को भूसा बनाने जा रही मशीन अचानक पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर, ट्रॉली और भूसा मशीन तीनों क्षतिग्रस्त हो गए, चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।
चुर्खी थाना क्षेत्र सरसई से ट्रैक्टर-ट्रॉली भूसा मशीन लेकर जा रही थी, जिसे दहगवां निवासी लोकेंद्र चला रहा था। छानी गांव की ओर भूसा बनाने जा रहा था। जैसे ही वाहन हथना खुर्द के नदिया रपटा पर ढाल से उतरने लगा, उसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते ट्रैक्टर, ट्रॉली व भूसा मशीन पलट गई। हादसे के समय चालक ने फुर्ती दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और रपटा पर वाहन पलटने से रास्ता बाधित हो गया, जिससे बड़े और छोटे वाहन निकल नहीं सके। कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा, बाद में स्थिति सामान्य कराने के प्रयास शुरू किए गए।
आमने-सामने भिड़ीं बाइकें, दो युवक घायल
कोंच। थाना नदीगांव क्षेत्र में ब्लॉक के पास स्थित पेट्रोल पंप के निकट दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
ककरौली गांव निवासी शैलेंद्र (40) और केशव (25) बाइक से ककरौली से नदीगांव जा रहे थे। जैसे ही वे ब्लॉक के पास पेट्रोल पंप के करीब पहुंचे, तभी सामने से आ रही बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल कोंच के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।