उरई। बहुप्रतीक्षित काशी महाकाल एक्सप्रेस का उरई स्टेशन पर ठहराव शुरू हो गया। सोमवार को इंदौर से बनारस जाने वाली ट्रेन नंबर 20416 को उरई स्टापेज होने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप वर्मा ने हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय शाम 7.18 बजे के स्थान पर 7.57 बजे उरई स्टेशन पहुंची। इसके बाद 8.02 बजे गंतव्य की ओर रवाना की गई। उरई स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन के स्टाफ का स्वागत भी किया गया।
इस दौरान राज्यमंत्री ने कहा कि महाकाल का स्टापेज हो गया है। उरई स्टेशन पर अभी जो दो ट्रेनें नहीं रुक रही है, उनका भी स्टापेज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद से दरभंगा जाने वाली क्लोन साबरमती और लखनऊ से भोपाल के बीच जाने वाली गरीबरथ एक्सप्रेस का उरई में जल्द ही ठहराव सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके लिए उन्होंने रेल मंत्रालय में बात भी की है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिया कि दिल्ली के लिए भी जल्द ट्रेन संचालन की भी वह पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने घोषणा की कि एट जंक्शन छपरा मेल का स्टापेज शुरू हो गया है। अब साबरमती व संत कबीरनगर एक्सप्रेस का भी स्टापेज कराया जाएगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, एडीआरएम विवेक मिश्रा, सीनियर डीईएन कपिल गोयल, एसीएम पंकज त्रिपाठी, स्टेशन अधीक्षक एसके खरे, महेंद्र भाटिया, संतोष गुप्ता, अभिषेक यादव, एके सिंह, एसके सोनकर आदि मौजूद रहे। ठहराव शुरू होने पर यात्रियों ने खुशी जताई। हालांकि पहले दिन उरई से किसी यात्री ने सफर नहीं किया।