उरई। गांव के एक युवक की शादी में शामिल होने गए किशोर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसा शादी समारोह के पास हुआ। वह लघुशंका के लिए रेलवे ट्रैक के पास गया था, तभी एक ट्रेन ने उसे चपेट में ले लिया। इस हादसे से बरात में खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के छिरिया सलेमपुर गांव निवासी महेश कुमार का 17 वर्षीय बेटा हिमांशू रविवार को गांव के ही मुन्ना दोहरे के बेटे की बरात में शामिल होने गया था। सभी बराती भोजन कर रहे थे, तभी हिमांशू अपने दोस्त मनीष के साथ लघुशंका के लिए रेलवे ट्रैक पर गया। उसी समय मालगाड़ी आ जाने से वह ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से उसके साथ गए दोस्त घबरा गए। दौड़ते हुए वे बरातियों के पास पहुंचे और घटना की जानकारी दी। इस पर बरातियों में खलबली मच गई और पुलिस को सूचित करते हुए सभी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि वह गांव के ही इंटर कॉलेज में दसवीं का छात्र था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल वीरेंद्र पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।