जालौन। सरकार सुरक्षित प्रसव कराने के लिए लोगों को जागरूक कर रही है तथा सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने पर प्रोत्साहन राशि भी दे रही है। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव कराने के नाम पर पैसा वसूला जा रहा है।
महिला ने स्टाफ नर्स द्वारा प्रसव के नाम पर पैसा मांगने की शिकायत सीएमओ व डिप्टी सीएमओ से की है। विभाग ने मामले की जांच शुरू करा दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धन उगाही का अड्डा बनता जा रहा है। आरोप है कि प्रसव कराने वाली टीम सामान्य प्रसव व ऑपरेशन के नाम पर पैसा वसूली में लगी है। अब प्रसव के नाम वसूली का आरोप मुरलीमनोहर निवासी फरजाना पत्नी इलियास ने लगाया है।
उन्होंने सीएचसी अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता के साथ सीएमओ व डिप्टी सीएमओ को शिकायत भेजकर आरोप लगाया कि उनके पुत्र अजहर की पत्नी गुलबशा का प्रसव होना था।
उन्होंने 23 अप्रैल को पुत्रवधू को सीएचसी में भर्ती कराया तो उनसे प्रसव के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग की गई। मौके पर उनके पास सिर्फ 1100 रुपये निकले तो स्टाफ नर्स ने वह रुपये रख लिए। फिर 4000 रुपये की और व्यवस्था करने के लिए कहा।
महिला का आरोप है कि जब विरोध किया तो कहा गया कि इतने रुपये में क्या होगा। सभी को देना पड़ता है। वसूली की शिकायत के मामले की जांच डॉ. उमेश कुमार कर रहे हैं। शिकायत के जांच अधिकारी ने पीड़ित महिला के साथ आरोपी महिला स्टाफ के लिखित बयान लिए हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर केडी गुप्ता ने बताया कि उन्होंने जांच कराकर रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी है।