मंदिर में एसपी सतीश कुमार को टूटी कुंडी दिखाता पुजारी
- फोटो : ORAI
सिरसाकलार। थाना क्षेत्र के कोड़ा किर्राही गांव स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में शनिवार देर रात चोरों ने मंदिर में घुसकर श्रीराम जानकी, लक्ष्मण व लड्डू गोपाल की अष्टधातु की लाखों रुपये कीमत की मूर्तियां चोरी कर ली थी। पांच दिन बाद गुरुवार को एसपी डा.सतीश कुमार में गांव पहुंचकर मंदिर में जाकर जांच पड़ताल की और थाना पुलिस को निर्देश दिए कि क्षेत्र के संदिग्धों की सूची बनाकर चोरों का पता लगाएं।
बता दें कि शनिवार रात सिरसाकलार के कोड़ा किर्राही स्थित मंदिर में चोरों ने मंदिर में स्थापित मूर्तियां चोरी कर ली थी। पुजारी व महंत की तहरीर पर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। जिस पर गुरुवार को एसपी डॉ. सतीश कुमार ने कोड़ा किर्राही पहुंचकर मंदिर में पहुंचकर पीछे के दरवाजे, छत, चोरों द्वारा तोड़ी गई कुंडी, देखी और जहां पर मूर्तियां विराजमान थी वह स्थान भी देखा और मंदिर के पुजारी बाबूराम अवस्थी से जानकारी लेकर पूछताछ की। उन्होंने थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को निर्देश दिए कि क्षेत्र के संदिग्ध लोगों पर नजर रखकर शीघ्र चोरी का खुलासा करें। वहीं गांव के ग्रामीणों ने एसपी से मांग की है कि मूर्तियों को शीघ्र बरामद कर चोरी का खुलासा करें। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि शीघ्र चोरी का खुलासा किया जाएगा।