क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद के चुनाव में जिले के नौ ब्लाकों में से आठ में
सपा का परचम लहराया है जबकि एक जगह निर्दलीय उम्मीदवार ने विजय प्राप्त की
है। तीन ब्लाकों में निर्विरोध निर्वाचन के बाद छह ब्लाकों में रविवार को
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में मतदान कराया गया। इसके
बाद मतगणना हुई। सहायक निर्वाचन अधिकारियों ने परिणाम घोषित
किए। छह
ब्लाकों में पांच जगह सपा ने जीत का परचम फहराया है, जबकि एक ब्लाक में उसे
हार का सामना करना पड़ा। संवेदनशील माने जा रहे नदीगांव ब्लाक में जिला
निर्वाचन अधिकारी रामगणेश एडीएम आनंद कुमार के साथ खुद मौजूद रहे। माधौगढ़
ब्लाक में रविवार को शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव हुआ। यहां सपा से अधिकृत
प्रत्याशी सोनिया राठौर ने 44 मत प्राप्त
कर एकतरफा जीत हासिल की।
प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी अकल राजपूत को 14 मतों से संतोष करना पड़ा जबकि एक
मत अवैध घोषित कर दिया गया। यहां दो मतदाताओं ने वोट ही नहीं डाले।
रामपुरा ब्लाक में सपा से अधिकृत प्रत्याशी दिनेश धोबी को 39 मत जबकि ममता
दोहरे को चार मत मिले। एक मत अवैध रहा। महेबा ब्लाक में सपा की अधिकृत
प्रत्याशी नीतू चौधरी ने
31 मत लेकर जीत दर्ज की। शांति देवी को 26 और गीता
देवी को एक मत मिला, एक मत अवैध रहा। कदौरा ब्लाक में सपा जिला उपाध्यक्ष
विजय सिंह कुशवाहा ने 69 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। यहां पर नैनकुंवर को
15 और नरेंद्र द्विवेदी को एक मत मिला। कुठौंद में सपा से अधिकृत प्रत्याशी
निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य श्याम यादव की पत्नी पुष्पा यादव को 45 मत
मिले। नीलम यादव को 23 मत मिले जबकि एक अवैध रहा। नदीगांव में सपा अधिकृत
प्रत्याशी सपा जिला उपाध्यक्ष जमीपाल सिंह गुर्जर की पत्नी डोली गुर्जर को
हार का सामना करना पड़ा। उन्हें 39 मत मिले, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंदन
पाल की पत्नी सावित्री देवी ने 42 मत लेकर जीत दर्ज की। यहां पर एक मत अवैध
रहा।