जनसभा को संबोधित करते बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा।
- फोटो : अमर उजाला
उरई (जालौन)। बसपा प्रत्याशियों के प्रचार के लिए टाउन हाल मैदान में आयोजित जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा ने सपा, कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधा। इसके अलावा 2017 में बसपा सरकार बनने पर जनता को मिलने वाली सहूलियतें भी गिनाईं। कहा कि बीते पांच सालों में प्रदेश भर में अपराध बढ़ा है। 500 से अधिक दंगे हुए हैं। आरोप लगाया कि दंगे भाजपा और सपा ने मिलकर कराए हैं। विकास के नाम पर सिर्फ लखनऊ से सैफई के बीच एक्सप्रेस वे वह भी अपने परिवार के लिए बनाया गया है और सैफई गांव में करोड़ों खर्च किए गए हैं। सपा परिवार में पिछले छह महीनों से जो टकराव दिखाई दिया है, उसकी वजह लूट खसोट से कमाई गई दौलत का बंटवारा ही था। उन्होंने जनता से कहा कि जो अपने पिता का नहीं हुआ, वह आपका कैसे हो सकता है।
कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ दिनों पहले तक यूपी भर में खाट बिछाकर सरकार को कोसने वाले आज सपा के साथ खड़े हैं तो सिर्फ इसलिए कि एक देश लूटने में माहिर है तो दूसरे को प्रदेश लूटने में महारत हासिल है। भाजपा को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि 90 दिन में काला धन वापस लाने, रोजगार देने, कर्ज माफ करने के किसी भी वादे को बीजेपी पूरा नहीं कर सकी। इसके विपरीत कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए नोट बंदी की आड़ में पूरे देश को लाइन में खड़ा कर दिया। इसी लाइन में 150 लोग भी मर गए। इतना ही नहीं भाजपा ने ही माल्या और ललित मोदी को संरक्षण भी दिया। उन्होंने कहा कि यदि बसपा की सरकार आई तो किसानों का एक लाख तक कर्ज माफ किया जाएगा और नवविवाहित शिक्षिकाओं की पोस्टिंग उन्हीं के जिले में की जाएगी। बेटियों की पढ़ाई और शादी खर्च सरकार उठाएगी और सरकारी नौकरी वाले पति पत्नी एक ही जिले में काम भी कर सकेंगे। इससे पूर्व माधौगढ़ सीट के प्रत्याशी गिरीश अवस्थी, कालपी से छोटे सिंह व उरई से विजय चौधरी ने उनका माल्यार्पण किया। इस मौके पर बृजेश जाटव, अखिलेश कुमार, अकबर अली, चैन सुख भारती के अलावा सिटिंग विधायक संतराम कुशवाह, जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शिरोमणि, योगेश द्विवेदी, सुरेश तिवारी आदि मौजूद रहे।