उरई। महिला की शिकायत के बाद भी पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की थी। एसपी के निर्देश पर छह दिन बाद उसकी रिपोर्ट पुलिस ने दर्जकर जांच शुरू की है।
बांदा जिले के मोहल्ला डीएम कालोनी निवासी महिला अनामिका त्रिवेदी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 30 अप्रैल की दोपहर वह हमीरपुर से प्राइवेट बस से उरई के लिए आ रही थी। तभी बस के कंडक्टर कदौरा निवासी गुज्जे ने उसे चालक के बगल वाली केबिन में बैठा दिया। कुछ ही देर में एक महिला आई जिसे गुज्जे ने उसके पास ही बैठा दिया। रास्ते में महिला ने बैग में रखे सोने की चार चूड़ी, दो जंजीर, झुमकी, चार जेंट्स व छह लेडीज अंगूठी चोरी कर ली।
उरई से कुछ पहले ही महिला बस से उतर गई। जब वह उरई बस स्टैंड पर उतरी तो खुला बैग व गायब जेवर देखकर उसके होश उड़ गए। जब उसने परिचालक को जानकारी दी तो वह महिला से जेवर दिलाने की बात कहकर टाल मटोल करने लगा। इसके बाद महिला ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। लेकिन उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई।
महिला के पति ने बताया कि उसने बांदा से ऑनलाइन शिकायत भी की थी, लेकिन पुलिस ने फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद वह एसपी से मिली। तब कहीं जाकर छह दिन बाद पुलिस ने महिला सहित तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
गोशाला में चोरी, प्रधान ने गांव के ही लोगों पर लगाया आरोप
आटा। कदौरा ब्लाक के इमिलिया बुजुर्ग निवासी ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि गोशाला में लगा इंवर्टर, बैटरी, तीन कैमरे, एक सोलर प्लेट, डीवीआर बॉक्स गांव के ही पांच लोगों ने चोरी कर लिया है। बताया कि एक माह पहले ही इन्हीं लोगों इसी प्रकार की हरकत की थी। लेकिन शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। बताया कि प्रधानी चुनाव को लेकर यह लोग उसे परेशान कर रहे हैं। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। (संवाद)