उरई। महिला का फर्जी आधार कार्ड बनाकर करोड़ों का गबन करने के मामले में गठित एसआईटी अभी तक दस लोगों से पूछताछ कर चुकी है। एसपी का कहना है कि मामले में जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
बीएसएनएल फ्रेंचाइजी संचालक धर्मेंद्र सक्सेना को अंडमान निकोबार की बीएसएनएल आधार नामांकन मशीनों से जिले में आधार कार्ड बनाने का दोषी मिले थे। इस कारण उन्हें अंडमान निकोबार की पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। दो साल पहले कालपी के छौंक गांव में हुए फर्जी आधार कार्ड बनाकर करोड़ों के गबन मामले में पुलिस को इसी मामले में कुछ साक्ष्य मिले थे। इस पर एसपी ने पूरे मामले की जांच कराने के लिए एसआईटी गठित की थी। एसआईटी अब तक 10 से अधिक लोगों से पूछताछ की है और चार के बयान दर्ज किए हैं। वहीं धर्मेंद्र सक्सेना की पत्नी गायत्री का कहना है कि उनके पति को जबरन फंसाया जा रहा है। जबकि उनके पति ने खुद कोलकाता जाकर पुलिस को उनके हवाले किया है। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार का कहना है कि मामले में एसआईटी जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा। कार्रवाई की जाएगी।