ग्राम पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के चुनाव में मतदाताओं में जबर्दस्त
उत्साह दिखाई दिया। सुबह सात बजे हालांकि मतदान धीमी गति से शुरू हुआ
लेकिन दिन चढ़ते-चढ़ते इसने गति पकड़ ली। तीनों ब्लाकों रामपुरा, माधौगढ़
और गुठौंद में शाम पांच बजे तक कुल 74.17 फीसदी लोगों ने मताधिकार का
प्रयोग किया। तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में मतदान
कराया गया। हालांकि एक दो स्थानों पर फर्जी वोटिंग के मामले सामने आए।
कहीं-कहीं पहचान पत्र को लेकर पीठासीन अधिकारी और मतदाताओं के बीच बहस भी
हुई। किसी बड़ी घटना की सूचना नहीं है। प्रथम चरण में माधौगढ़, रामपुरा व
कुठौंद ब्लाक क्षेत्र में शनिवार को मतदान हुआ। मतदान में कोई गड़बड़ी न
हो सके इसके
लिए तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। लिहाजा मतदान शांतिपूर्ण
माहौल में संपन्न हुआ। सुबह के समय मतदान धीमी गति से हुआ लेकिन जैसे ही
दिन चढ़ता गया मतदान का प्रतिशत भी बढ़ता गया। शाम के समय तो मतदेय स्थलों
पर लंबी लाइन तक लग गई। सुबह तो बूथ पर मतदान कर्मी आराम की मुद्रा में
रहे। माधौगढ़ में 73.26 फीसदी मतदान हुआ। इसी प्रकार रामपुरा
विकास खंड
क्षेत्र में 77.01 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुठौंद
ब्लाक में भी 72.24 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। कुल 74.17
फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान
माधौगढ़ व
कुठौंद क्षेत्र में फर्जी मतदान करने का प्रयास किया गया लेकिन प्रशासन की
सख्ती के आगे किसी की एक न चली। इसके अलावा माधौगढ़ के सरावन गांव में
वोटरों को राशन कार्ड के विकल्प पर मतदान नहीं करने दिया गया जिससे वहां पर
कुछ समय के लिए वोटर व पीठासीन अधिकारी के बीच बहस भी हुई।