कोंच। नगर में सीवर की समस्या विकराल हो गई है। जगह-जगह सीवर चैंबर उफनाने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
जल संस्थान ने उफनते चैंबरों में पाइप डालकर गंदगी नालियों में डालने की अस्थायी व्यवस्था की थी लेकिन अब वह भी विफल हो गई है। इससे सड़कों और गलियों में दुर्गंध फैल रही है। ताजियों के कार्यक्रम चार दिन बाद शुरू होने हैं, फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है। त्योहार को लेकर हुई पीस कमेटी की बैठकों के बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
नगर पालिका कार्यालय के पास सागर तालाब के मैदान में, जहां ताजियों का मेला लगता है, सीवर चैंबर उफन रहा है। लोगों ने कई बार शिकायत की, पर चैंबर दुरुस्त नहीं हुआ। लाजपत नगर में देसी शराब ठेके के पास सीवर बाईपास के लिए महीनों पहले सड़क खोदी गई थी। न बाईपास डाला गया और न सड़क की मरम्मत हुई। खुदी सड़क से राहगीरों को दिक्कत हो रही है और कई बच्चे व युवा गिरकर चोटिल हो चुके हैं।