कदौरा। आसान किस्त योजना के पंजीकरण की समीक्षा के लिए उपखण्ड अधिकारी विद्युत कार्यालय पहुंचे। यहां योजना के तहत एक भी पंजीकरण न होने पर उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने नोडल अधिकारी को चेतावनी देते हुए पंजीकरण कराने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यालय में गुटके के निशान देख कर नाराजगी जताई।
गौरतलब है कि शासन निजी नलकूप के बकायेदारों से वसूली के लिए किसान आसान किस्त योजना चला रही है, जिसके तहत 31 जनवरी 2020 से पहले के बकायदारों को जहां ब्याज माफ किया जा रहा है, वहीं 6 आसन किस्तों में वसूली का प्रावधान रखा गया है। इसके लिए 1 फरवरी से 29 फरवरी तक पंजीकरण किया जा रहा है।
बुधवार को विद्युत विभाग के उपखण्ड अधिकारी कालपी अभिषेक सचान समीक्षा करने विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और पंजीकरण रिपोर्ट को देखा तो कोई भी पंजीकरण न होने पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए नोडल अधिकारी राजेश कुशवाहा को चेतावनी दी, कि अधिक से अधिक प्रचार करते हुए पंजीकरण कराएं। अन्यथा की स्थिति में विभागीय कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
उपखण्ड अधिकारी अभिषेक सचान ने बताया कि नगर में 24 व बवीना उपकेंद्र के अंतर्गत 760 नलकूप हैं, जिनमें 464 बकायेदार हैं। इन पर तीन करोड़ 64 लाख रुपये बकाया है। इस मौके पर नोडल अधिकारी राजेश कुशवाहा, कलीम खान, तारिक, आशीष सिंह राजकुमार सहित अन्य विद्युतकर्मी व कार्यालय स्टाफ मौजूद रहा।