कालपी। दस जून को यमुना में नहाने के दौरान डूबे दो युवकों की मौत पर शासन की ओर से उनके परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। धनराशि बीते गुरुवार को परिजनों के खाते में ट्रांसफर कर दी गई है। विधायक नरेंद्र सिंह जादौन व एसडीएम कौशल कुमार ने परिजनों को सहायता राशि का प्रमाण पत्र देकर हर संभव मदद का भरोसा दिया।
बताते चलें कि दस जून की शाम को नगर के पांच युवक यमुना के श्रीबिहारी घाट घूमने गए थे। दो युवक कन्हैया दीक्षित व राहुल द्विवेदी निवासीगण इंद्रा नगर गर्मी के चलते यमुना में स्नान करने लगे। इस दौरान दोनों युवक यमुना में डूब गए व उनकी मौत हो गई थी। घटना से नगर में शोक व्याप्त हो गया। घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट करके दुख व्यक्त कर मदद का भरोसा दिया था। एसडीएम कौशल कुमार ने बताया कि शासन से दोनों युवकों के परिजनों को चार- चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। धनराशि गुरुवार को दोनों युवकों के परिजनों के खाते में ट्रांसफर हो गई है। (संवाद)