जालौन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव कराने गई महिला के परिजनों से अस्पताल कर्मचारियों ने इलाज के नाम पर पांच हजार रुपये ले लिए। इसका वीडियो महिला के परिजनों ने बनाकर इसकी शिकायत जिलाधिकारी व सीएमओ से की। शिकायत मिलने पर डीएम प्रियंका निरंजन ने इसकी जांच एसडीएम अंकुर कौशिक को सौंप दी है। मंगलवार को एसडीएम ने सीएचसी में पहुंचकर वहां मौजूद स्टाफ से पूछताछ कर जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।
बता दें कि कोतवाली क्षेत्र के रिनियां गांव निवासी सर्वेश कुमार बीती शनिवार को गर्भवती पत्नी कलिंद्री को आशा बहू लता के साथ लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन गए थे। जहां परीक्षण के बाद सीएचसी में मौजूद महिला कर्मचारी ने बताया था कि शिशु की गर्भ में ही मौत हो गई है। सफाई के लिए उसने 5500 रुपये की मांग की। पांच हजार में बात तय होने पर उसने गांव से रुपये मंगाकर महिला कर्मचारी को दिए। इस दौरान उसने बातचीत व रुपये लेते हुए का वीडियो बना लिया। इसके बाद सर्वेश ने डीएम व सीएमओ से शिकायत कर उन्हें वीडियो क्लिप भी दिखाई।